मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिलाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
नगर पुलिस अधीक्षक अमृत मीणा ने गुरुवार को एक संवाददाता सम्मेलन में इस गिरोह की कारगुजारी का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इस गिरोह के सदस्य छह लाख रुपये में मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का ठेका लेते थे। सागर की एक छात्रा नित्या का भी सागर के मेडिकल कॉलेज में दाखिला दिलाने का ठेका इस गिरोह ने लिया था। नित्या के प्रवेश में नाकाम रहने पर इसका भंडाफोड़ हुआ।
पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्य पकड़े हैं। इनमें से एक नासिर खान मणिपुर का निवासी है और भोपाल से बीई की डिग्री हासिल कर चुका है। गिरोह का दूसरा सदस्य नीतेश श्रीवास्तव गांधी मेडिकल कॉलेज का छात्र है। तीसरा सदस्य अंकित सेन लैब टेक्निशियन का डिप्लोमा कर रहा है। पुलिस ने इस मामले में मोहसिन खान को भी हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ जारी है। गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को पुलिस तलाश रही है।
इस फर्जीवाड़े में पकड़े गए नासिर ने बताया कि उसके गिरोह के लोग अब तक 20 छात्रों को विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में दाखिला दिला चुके हैं। यह गिरोह एक दाखिले के एवज में छह लाख रुपये लेता था ।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications