बिहार में नक्सलियों ने विद्यालय भवन उड़ाया
पटना, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। बिहार के औरंगाबाद जिले के अम्बा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बुधवार देर रात एक विद्यालय भवन को विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया।
अम्बा के थाना प्रभारी एकरामुल हक ने गुरुवार को बताया कि प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के करीब 20-30 नक्सली चंदौर गांव में धावा बोल दिया तथा वहां के राजकीय मध्य विद्यालय के दो मंजिला भवन में विस्फोटक लगाकर उसे उड़ा दिया। उन्होंने बताया कि इस घटना में विद्यालय का भवन पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना की एक प्राथमिकी अम्बा थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी कर रही है। जिले के वरीय पुलिस अधिकारियों ने इस घटना को नक्सलियों के हताशा का परिणाम बताया है।
उल्लेखनीय है कि बिहार में इस वर्ष नक्सलियों ने 50 से ज्यादा विद्यालय भवनों को उड़ा दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications