माघ मेले के पहले दिन लाखों श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई (लीड-1)
मेले के पहले दिन गुरुवार शाम तक देश के अलग-अलग भागों से करीब 8 लाख श्रद्धालु ही संगम में पवित्र डुबकी लगाने पहुंचे। जबकि प्रशासन को 25 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद थी।
माघ मेला आयोजन समिति के एक अधिकारी पुष्कर श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया कि श्रद्धालुओं की संख्या हमारी अपेक्षा से कम है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे एक बड़ा कारण खराब मौसम भी हो सकता है।
समिति के अधिकारियों ने दावा किया कि मेले में इंतजामों को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली है। कुछ श्रद्धालुओं का कहना था कि बारिश हो जाने के कारण ठंड बढ़ गई है, लेकिन प्रशासन की तरफ से ठंड से बचने के लिए अलाव की व्यवस्था नहीं की गई।
पौष पूर्णिमा के मौके पर गुरुवार को तड़के चार बजे से ही संगम पर श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का सिलसिला शुरू हो गया था। देश के हर कोने से श्रद्धालु माघ मेले में पहुंच रहे हैं। हिंदू धर्म की मान्यता के अनुसार पौष पूर्णिमा के दिन स्नान करने से जीवन के सारे पाप धुल जाते हैं। यह मेला 12 फरवरी तक चलेगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मेले में कड़े प्रबंध किए गए हैं। इलाहाबाद के पुलिस उप महानिरीक्षक चंद्र प्रकाश ने संवाददाताओं को बताया कि पहले दिन के लिए ही प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी) की पांच कंपनियां, त्वरित कार्य बल(आरएएफ) की दो कंपनियां, 130 उपनिरीक्षकों और 1,100 कांस्टेबलों की तैनाती की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications