बेनजीर हत्याकांड : यूएन जांच दल को सैन्य अधिकारियों से मिलने से रोका
ऑन लाइन न्यूज एजेंसी के मुताबिक जांच दल के अध्यक्ष व संयुक्त राष्ट्र में चिली के राजदूत हेराल्डो मुनोज ने पाकिस्तानी सरकार को एक पत्र लिखकर बेनजीर हत्याकांड मामले में पूछताछ के लिए देश के शीर्ष सैन्य तथा खुफिया अधिकारियों से मिलने की अनुमति मांगी थी।
जांच दल ने जिन अधिकारियों से मिलने की इच्छा जताई थी उनमें पाकिस्तानी सेना के प्रमुख जनरल अशफाक परवेज कियानी, इंटर सर्विसेज इंटेलिजेंस (आईएसआई) के पूर्व प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल नदीम ताज और सैन्य खुफिया विभाग के पूर्व महानिदेशक मेजर जनरल नदीम एजाज प्रमुख हैं।
बहरहाल, सरकार ने जांच दल को इन अधिकारियों से मिलने की इजाजत देने से इंकार कर दिया है।
एजेंसी ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि इस पत्र के मिलने के बाद सरकार ने कुछ दिनों तक चुप्पी साधे रखी लेकिन जब जांच दल ने इस संबंध में दोबारा पत्र भेजा तो पत्र को सेना के मुख्यालय (जीएचक्यू) में भेज दिया गया।
सूत्रों का कहना है कि जीएचक्यू ने संयुक्त राष्ट्र जांच दल के इस आग्रह को यह कहते हुए ठुकरा दिया कि सेना प्रमुख और अन्य शीर्ष अधिकारियों से पूछताछ किया जाना उनके सम्मान के खिलाफ है।
जीएचक्यू ने यह भी कहा कि जिन शर्तो व परिस्थितियों के आधार पर संयुक्त राष्ट्र जांच दल के गठन का समझौता हुआ था, यह उसके खिलाफ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications