इमामी की 5 वर्षो में कारोबार 5,000 करोड़ रुपये करने की योजना
इमामी के अध्यक्ष आर.एस.अग्रवाल ने कंपनी की 26वीं वार्षिक आम बैठक से इतर संवाददाताओं से कहा, "हम अगले पांच वर्षो में 5,000 करोड़ रुपये का कारोबार बनाएंगे। वित्तीय वर्ष 2009-10 में हम 1,000 करोड़ रुपये तक पहुंचेंगे।" उन्होंने कहा कि कंपनी हर वर्ष 20-25 प्रतिशत की दर से बढ़ेगी।
कंपनी के विकास के उपायों के बारे में अग्रवाल ने कहा कि इसका मुख्य भार कंपनी के आयुर्वेद विभाग पर होगा। इस विभाग में कई नए उत्पादों को लाने के साथ ही अलग ब्रांड बनाने और ब्रांड के विस्तार पर भी विचार हो रहा है।
उन्होंने कहा कि नवंबर 2008 में झंडु फार्मास्युटिकल में बहुमत हिस्सेदारी हासिल करना भी 5,000 करोड़ रुपये के कारोबार तक पहुंचने में कंपनी की मदद करेगा।
इमामी समूह के भी संयुक्त अध्यक्ष अग्रवाल ने कहा कि वह देश या विदेशों में कागज मिलें स्थापित करने पर विचार कर रहे हैं। इमामी समूह के अधीन इमामी पेपर मिल्स लिमिटेड है।
उन्होंने कहा कि कंपनी कनाडा, मलेशिया, इंडोनेशिया, आस्ट्रेलिया और अमेरिका जैसे देशों में कागज मिल स्थापित करने के प्रयास में है।
देश में अखबारी कागज के सबसे बड़े उत्पादक की नजर 1,000 से 1,500 करोड़ रुपये से अधिक आकार वाली कंपनियों पर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications