रुचिका मामले में कार्रवाई से नाखुश हैं चिदम्बरम (लीड-1)
चिदम्बरम ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "रुचिका मामले में जिस तरीके से आरोप तय किए गए, सुनवाई की गई और आरोपी को सजा दी गई, उससे मैं खुश नहीं हूं।"
इस मामले से जुड़े कानूनी पहलूओं पर प्रतिक्रिया देने से इंकार करते हुए चिदम्बरम ने कहा, "इस मामले में केंद्र सरकार क्या कर सकती है, उस पर मैं विचार करूंगा।"
चिदम्बरम ने कहा, "रुचिका के पिता और उसके वकील ने बुधवार को मुझसे मुलाकात की थी। उन्होंने इस मामले में दोषी हरियाणा के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एस. पी. एस. राठौर के खिलाफ दो नए मामले दर्ज करवाए हैं। उन्होंने कहा है कि आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भी वह राठौर के खिलाफ एक तीसरा मामला दर्ज करेंगे। उन्होंने मुझसे वादा किया है कि तीसरा मामला दर्ज होने के बाद वे उसकी एक प्रति मुझे भी भेजेंगे। जब मुझे मिल जाएग तभी मैं इसके आगे कोई प्रतिक्रिया दे पाऊंगा।"
गृह मंत्री ने राठौर को कारण बताओ नोटिस दिए जाने के अपने मंत्रालय के फैसले को उचित ठहराया। उन्होंने कहा, "राठौर को सजा होने के बाद हमने यह कदम उठाया। गृह सचिव जी. के. पिल्लई ने सही कदम उठाया।"
गौरतलब है कि 12 अगस्त, 1990 को राठौर ने 14 वर्षीय रुचिका के साथ दुर्व्यवहार किया था और इसके तीन साल बाद रुचिका ने आत्महत्या कर ली थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications