नाबालिगों को स्वाइन फ्लू का खतरा ज्यादा
अध्ययन में हासिल किए गए आंकड़ों से खुलासा हुआ है कि मरीज के संपर्क में आने वाले परिवार के 19 से 50 वर्ष आयु के सदस्यों की अपेक्षा 18 वर्ष या उससे कम आयु के सदस्यों के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की दोगुनी संभावना होती है।
लंदन के इम्पीरियल कॉलेज और अमेरिका के 'सेंटर्स फॉर डिसीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन' (सीडीसी) के वैज्ञानिकों ने सीडीसी द्वारा 216 संक्रमित लोगों से जांच के लिए नमूने इकट्ठे किए थे। उन्होंने एच1एन1 वायरस से संक्रमित इन लोगों के 600 पारिवारिक सदस्यों से भी नमूने इकट्ठे किए थे।
उम्र, लक्षण, एक घर में लोगों की संख्या और बीमारी की पुष्टि के समय पहली बार दिखाई दिए लक्षण देखने के बाद वैज्ञानिक यह जानना चाहते थे कि इनका वायरस के एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में संक्रमण पर क्या असर पड़ता है।
इम्पीरियल कॉलेज की अध्ययनकर्ता सिमोन ने कहा, "यदि हम फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर लोगों को घर बैठने की सलाह देते हैं तो हमें समझना होगा कि इससे घर के अन्य सदस्यों के संक्रमित होने की आशंका भी हो सकती है।"
उन्होंने कहा कि नए शोध से स्पष्ट हुआ है बच्चों के स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की संभावना ज्यादा होती है।
'न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडीसिन' में इस अध्ययन के परिणाम प्रकाशित किए गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications