युवा कलाकार ने बनाया 60 फुट लंबा ग्रीटिंग कार्ड
लखनऊ, 31 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में एक युवा कलाकार ने नव वर्ष के स्वागत और साल 2009 को अलविदा कहने के लिए 60 फुट लंबा एक ग्रीटिंग कार्ड तैयार किया है।
युवा कलाकार राज कपूर चितेरा (25) ने अपने अनूठे ग्रीटिंग कार्ड को '2009 क्या खोया क्या पाया' शीर्षक दिया है। इलाहाबाद के चंद्रशेखर आजाद पार्क में गुरुवार को इसका प्रदर्शन किया गया।
चितेरा ने आईएएनएस को बताया, "मैंने 60 फुट लंबे इस ग्रीटिंग कार्ड को तैयार करके साल 2009 की सुखद और दुखद यादें दर्शाने की कोशिश की है।"
यह ग्रीटिंग कार्ड 60 फुट लंबी पेंटिंग के रूप में है, जिसके कैनवास में कलाकार ने उन हस्तियों को चित्रित किया है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया। साथ ही उन महत्वपूर्ण हस्तियों को भी चित्रित कर याद किया गया जो इस साल हमें छोड़कर चले गए।
कार्ड के एक हिस्से में इस साल हुए मथुरा रेल हादसे, पश्चिम बंगाल में आइला तूफान से हुई तबाही जैसे दर्दनाक हादसों को दर्शाया गया है।
चितेरा ने कहा, "अपने कार्ड के जरिये मैंने सुप्रसिद्ध हिंदी कवि विष्णु प्रभाकर, पत्रकार प्रभाष जोशी, फिल्म निर्माता प्रकाश मेहरा जैसे दूसरी हस्तियों को श्रद्धांजलि देने की कोशिश की है, जिनका साल 2009 में देहांत हुआ। इसी तरह मैंने ऑस्कर विजेता फिल्म संगीतकार ए.आर.रहमान और अमिताभ बच्चन जैसी हस्तियों को अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए बधाई देने की कोशिश की है।"
चितेरा का यह ग्रीटिंग कार्ड पूरे शहर में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लोग ग्रीटिंग कार्ड को देखकर उनके काम की भूरि-भूरि प्रशंसा कर रहे हैं। चितेरा कहते हैं कि लोगों के प्रोत्साहन के लिए वह उनके आभारी हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**












Click it and Unblock the Notifications