स्कूली बच्चों की अपील भी अनसुनी कर दी नक्सलियों ने
औरंगाबाद जिले के अम्बा थाना क्षेत्र में नक्सलियों ने बुधवार की देर रात एक विद्यालय भवन में विस्फोटक लगाकर उड़ा दिया।
अम्बा के थाना प्रभारी एकरामुल हक ने गुरुवार को बताया कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के करीब 20-30 विद्रोहियों ने चंदौर गांव में धावा बोल दिया तथा वहां स्थित राजकीय मध्य विद्यालय के दोमंजिला भवन में विस्फोटक लगाकर उसे उड़ा दिया। इस घटना में विद्यालय भवन पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।
उन्होंने बताया कि इस घटना की एक प्राथमिकी अम्बा थाना में दर्ज करा दी गई है तथा पुलिस नक्सलियों के खिलाफ छापेमारी कर रही है।
इसके पूर्व नक्सलियों ने एक महीने के अंदर ढिबरा थाना के बारा, गोलहा तथा करमा गांव स्थित विद्यालय भवनों को विस्फोटक लगा कर उड़ा दिया था। इसी दौरान नक्सलियों ने देव थाना के बेढ़नी और मदनपुर थाना के जुराही गांव स्थित विद्यालय भवनों को ध्वस्त कर दिया।
जिला पुलिस अधीक्षक एऩ क़े तिवारी ने इन वारदातों को नक्सलियों की हताशा का परिणाम करार दिया है।
उल्लेखनीय है कि करीब एक पखवारा पूर्व औरंगाबाद के स्कूली छात्रों ने नक्सलियों के नाम खुला पत्र जारी करते हुए कहा था, "नक्सली अंकल कृपया हमलोगों के स्कूलों को बख्श दो, अगर स्कूल ही नहीं रहेंगे तो हमलोग पढ़ेंगे कहां।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications