रुचिका के पिता ने कहा 'राठौर को फांसी दो'
रूचिका के पिता सुभाष चंद्र गिरहोत्रा ने बुधवार को कहा, "उन्होंने (राठौर) अपने आधिकारिक पद का दुरुपयोग करके मेरी बेटी की हत्या कर दी। उन्होंने मेरे बेटे और परिवार को बर्बाद कर दिया। आज हम लोग वास्तव में बेघर हैं। हम उनके लिए सजा-ए मौत चाहते हैं।"
गौरतलब है कि 12 अगस्त, 1990 को हरियाणा के राठौर ने 14 वर्षीय रुचिका के साथ दुर्व्यवहार किया था और इसके तीन साल बाद रुचिका ने आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद से ही रूचिका का परिवार राठौर के खौफ से छिपता फिर रहा था।
रुचिका की मित्र और इस मामले की एकमात्र गवाह अराधना के पिता आनंद प्रकाश ने 19 वर्षो से इस मामले की कानूनी लड़ाई लड़ी। प्रकाश ने भी राठौर को मौत की सजा मुकर्रर किए जाने की मांग की।
प्रकाश ने कहा, "हम जिंदगी के बदले जिंदगी चाहते हैं। राठौर को अपनी करनी की सजा भुगतनी चाहिए।"
पंचकूला पुलिस ने मंगलवार शाम राठौर के खिलाफ दो ताजा प्राथमिकी दर्ज की। राठौर के खिलाफ कई संगीन मामले मसलन हत्या का प्रयास, धमकी देने, सबूतों के साथ छेड़छाड़ करने और आपराधिक साजिश का मामला दर्ज किए गए।
केंद्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने मंगलवार को कहा था कि उनका मंत्रालय राठौर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की सभी संभावनाओं को खंगाल रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications