तेलंगाना बंद से जनजीवन ठप, 165 रेलगाड़ियां रद्द (राउंडअप)
इस बीच अलग तेलंगाना राज्य के समर्थन व विरोध में सुलग रहे आंध्र प्रदेश के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने आगामी पांच जनवरी को राज्य के मान्यता प्राप्त आठ राजनीतिक दलों की एक बैठक बुलाई है।
बंद की वजह से हैदराबाद और तेलंगाना के अन्य नौ जिलों में परिवहन सेवाएं ठप पड़ गईं। दुकानें, कारोबारी प्रतिष्ठान, पेट्रोल पंप, सिनेमा हॉल, बैंक, दफ्तर और शैक्षणिक संस्थान भी बंद रहे।
सरकार के अधीनस्थ सड़क परिवहन निगम (आरटीसी) ने तेलंगाना से आंध्र और रायलसीमा के बड़े शहरों को जाने वाली बस सेवाओं को रद्द कर दिया। 9,000 से अधिक बसें सड़कों से नदारद रहीं। हैदराबाद में ही 3,400 बसें डिपो से बाहर नहीं निकलीं। इस वजह ये यात्रियों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
दक्षिण मध्य रेलवे ने एहतियातन 165 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया। इनमें 87 एक्सप्रेस और यात्री रेलगाड़ियां हैं। हैदराबाद में भी रेलवे अधिकारियों ने 46 उपनगरीय रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया।
बंद की वजह से हैदराबाद, वारंगल, करीम नगर और निजामाबाद में सड़कों से वाहन नदारद रहे। यहां तक कि ऑटो रिक्शा भी नहीं देखे गए। तेलंगाना क्षेत्र के सरकारी कर्मचारियों, वकीलों, कामगारों, छात्रों संगठनों तथा अन्य जन संगठनों ने पृथक राज्य की मांग के समर्थन में काम से अलग रहने का फैसला किया।
बंद के मद्देनजर हैदराबाद और आसपास के इलाकों में निषेधाज्ञा लागू कर दी गई। इन इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। पूरे तेलंगाना क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 40 कंपनियां तैनात की गई हैं। पड़ोसी राज्यों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
सरकार ने राजनीतिक दलों की बैठक बुलाई :
अलग तेलंगाना राज्य के समर्थन व विरोध में सुलग रहे आंध्र प्रदेश के मुद्दे पर केंद्र सरकार ने आगामी पांच जनवरी को राज्य के मान्यता प्राप्त आठ राजनीतिक दलों की एक बैठक बुलाई है।
केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदम्बरम ने इस संबंध में आठों राजनीतिक दलों को बैठक में शामिल होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भेजा। तेलंगाना समर्थक राजनीतिक दलों की ओर से गठित संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) द्वारा हैदराबाद और अन्य नौ जिलों में बंद का आह्वान किए जाने के एक दिन बाद सरकार ने यह पहल की है।
एक माह पूर्व अलग तेलंगाना राज्य की मांग को लेकर गरमाई राजनीति के बाद से तेलंगाना समर्थक दलों द्वारा पांचवी बार बंद का आह्वान किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications