पर्यटकों के स्वागत के लिए तैयार है हिमाचल प्रदेश
पर्यटन उद्योग के एक प्रतिनिधि के अनुसार दिसंबर में बर्फबारी अब एक मिथक बन चुकी है। इस पहाड़ी क्षेत्र को एक गर्म स्थल के रूप में बढ़ावा देना हमारा लक्ष्य है।
शिमला में 'हॉलीडे होम होटल' के उप महाप्रबंधक के.डी.शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "हम भारत के उत्तरी राज्यों की ओर से यहां आने वाले पर्यटकों से आग्रह करते हैं कि वे यहां आकर हल्की धूप का आनंद लें। यहां हो रही चमकीली धूप वास्तव में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र है।"
उन्होंने कहा, "भारतीय पर्यटक भी अब पश्चिमी और यूरोपीय देशों से आने वाले पर्यटकों के नक्शेकदम पर चल रहे हैं। वे यहां केवल सूरज के धूप का आनंद लेने के लिए आ रहे हैं।"
शिमला के मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि यहां के मुख्य पर्यटन स्थलों शिमला, कसौली, धर्मशाला, मनाली, चांबा और डलहौजी में मैदानी भागों की अपेक्षा न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है।
वहीं मैदानी भागों में स्थित अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, चण्डीगढ़, अंबाला, करनाल और दिल्ली में पहाड़ी शहरों की अपेक्षा तापमान में कमी दर्ज की गई है।
मौसम विभाग के निदेशक के मुताबिक अमृतसर में बुधवार को न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि शिमला में पिछले एक सप्ताह से न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications