बिहार में छठे वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने का फैसला
राज्य सचिवालय के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि नालंदा जिले के राजगीर स्थित शांति स्तूप के निकट हुई इस बैठक में राज्य के सरकारी कर्मचारियों को छठे वेतन आयोग की सिफारिशों के अनुसार वेतन देने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा बैठक में राजगीर में पानी निकासी के लिए उचित व्यवस्था के लिए मंत्रिमंडल ने 77 करोड़ रुपए की मंजूरी दी। इसके अतिरिक्त बिहार के इतिहास में पहली बार पहाड़ पर हुई मंत्रिमंडल की इस बैठक में राज्य के कई गांवों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया गया।
बैठक में देश के पहले राष्ट्रपति डा. राजेन्द्र प्रसाद के जन्मदिन तीन दिसंबर को 'मेधा दिवस' के रूप में भी मनाने का निर्णय लिया गया।
उललेखनीय है कि मंगलवार को रत्नागिरी पर्वत पर राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जहां हेलीकॉप्टर से पहुंचे, वहीं अन्य मंत्री रोपवे के द्वारा यहां पहुंचे। इसके अलावा 200 अधिकारियों की टीम भी रत्नागिरी पर मौजूद थी। मंत्रिमंडल की बैठक के मद्देनजर रत्नागिरी पर्वत के चारों तरफ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ज्ञात हो कि इसके पूर्व गत 10 फरवरी को मुख्यमंत्री की विकास यात्रा के दौरान राजधानी से बाहर बेगूसराय जिले के एक गांव में मंत्रिमंडल की बैठक हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications