बैंक अधिकारी का बेटा और लंदन में पढ़ा है संदिग्ध नाइजीरियाई
वाशिंगटन, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। क्रिसमस के दिन डेट्रॉयट हवाई अड्डे पर उतरने की तैयारी कर रहे एक अमेरिकी विमान में विस्फोट का प्रयास करते पकड़ा गया 23 वर्षीय नाइजीरियाई एक बड़े बैंक अधिकारी का बेटा है और दुबई जाने से पहले ब्रिटेन में शिक्षा हासिल कर चुका था।
उमर फारुक अब्दुल मुतल्लब के गृहनगर नाइजीरिया के कादुना में रहने वाले एक स्रोत के हवाले से समाचार चैनल सीएनएन ने कहा कि अब्दुल मुतल्लब ने अपनी कॉलेज की डिग्री यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ लंदन से हासिल की। सीएनएन ने विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डेव वेस्टन के हवाले से कहा कि मुतल्लब वर्ष 2005 से 2008 के बीच मेकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग का छात्र था।
उसके पिता अल्हाजी उमर मुतल्लब ने हाल ही में नाइजीरिया के एक प्रमुख बैंक 'फस्र्ट बैंक पीएलसी' के प्रमुख पद से अवकाश ग्रहण किया है। वह अपने परिवार के साथ नाइजीरिया के कादुना शहर में ही रहता है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार मुतल्लब दुबई में आगे के अध्ययन के लिए गया था। उसके बाद वह यमन चला गया। उसने संकेत दिया कि वह इस्लाम के लिए अध्ययन छोड़ रहा है।
पारिवारिक सूत्रों के अनुसार इसके बाद उसके पिता ने अबुजा में अमेरिकी दूतावास से संपर्क कर यह सूचना दी कि उसका बेटा किसी तरह के जिहाद में शामिल हो सकता है। सूत्रों के अनुसार मुतल्लब के यमन भागने में परिवार की सहमति या समर्थन नहीं था।
बैंक अधिकारी से मिली सूचनाएं राष्ट्रीय आतंकवाद निरोधक केंद्र को उपलब्ध कराई गईं और उसे सामान्य निगरानी सूची में भी रखा गया। अधिकारियों के अनुसार उसके खिलाफ सूचनाएं इतनी पुख्ता नहीं थी कि उसका वीजा वापस लिया जाता या उसे उड़ान से रोका जाता।
पूरे मामले से परिचित एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने सीएनएन को बताया कि मुतल्लब को वर्ष 2008 में लंदन के अमेरिकी दूतावास ने बहुवर्षीय और बहुप्रवेश वीजा दिया था।
अधिकारी ने सीएनएन से कहा कि उस समय ऐसी कोई सूचना नहीं थी, जिसके आधार पर वीजा देने से इंकार किया जाता।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications