तेलंगाना के छात्रों ने 'चलो हैदराबाद' का नारा बुलंद किया
उस्मानिया विश्वविद्यालय के छात्रों की संयुक्त कार्रवाई समिति (जेएसी) ने अलग राज्य के गठन की प्रकिया आरंभ करने के लिए रविवार को केंद्र सरकार को दो जनवरी तक का अल्टीमेटम दिया है और साथ ही तीन जनवरी को 'चलो हैदराबाद' का नारा बुलंद किया। इस कार्यक्रम में तेलंगाना के अन्य क्षेत्रों के छात्र भी हिस्सा लेंगे।
जेएसी के नेताओं ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा, "तीन जनवरी को हैदराबाद में उस्मानिया विश्वविद्यालय में एक व्यापक बैठक आयोजित की गई है जिसका नाम 'विद्यार्थी गर्जना' रखा गया है। बैठक के बाद एक रैली भी की जाएगी।"
इस बीच कांग्रेस नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री जी. वेंकटस्वामी ने उस्मानिया विश्वविद्यालय परिसर का दौरा किया और उन छात्रों के साथ अपनी हमदर्दी जताई जो अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने दम पर भी तेलंगाना को अलग राज्य का दर्जा देने का माद्दा रखती है। छात्रों की यह अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल रविवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई। विश्वविद्यालय परिसर में शनिवार देर रात उस वक्त और ज्यादा तनाव की स्थिति पैदा हो गई जब अनिश्चिकालीन भूख हड़ताल पर बैठे एक छात्र की हालत बिगड़ने के बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर गई। कुछ छात्रों ने पुलिस को रोकने की कोशिश भी की।
इस बीच रविवार को भी अपनी मांगों को लेकर क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में प्रदर्शन और धरने जारी रहे। आगे की रणनीति तय करने के लिए सभी दलों की ओर से गठित संयुक्त कार्रवाई समिति की भी एक अहम बैठक भी हुई। इस बैठक में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के मंगलवार से अनिश्चितकालीन बंद के आह्वान के प्रस्ताव पर चर्चा हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications