तेहरान में झड़पे, पुलिस ने आंसू गैस छोड़ी
तेहरान, 27 दिसम्बर (आईएएनएस)। ईरान में रविवार को प्रदर्शनकारी फिर से सड़कों उतर आए और पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस छोड़ी।
समाचार एजेंसी डीपीए ने प्रत्यक्षदर्शियों और वैबसाइट्स के हवाले से खबर दी है कि विरोध प्रदर्शन तेहरान यूनिवर्सिटी के निकट हुए। शनिवार को भी इसी जगह प्रदर्शन और झड़पे हुई थीं।
राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद के खिलाफ जारी प्रदर्शनों से निपटने के लिए पूरी राजधानी में पुलिस बल तैनात किए गए थे। विपक्ष की वैबसाइट्स में दावा किया गया है कि भीषण झड़पों में तीन प्रदर्शनकारी मारे गए और दो घायल हो गए। इस खबर की पुष्टि नहीं की जा सकी।
विपक्षी संगठनों ने घोषणा की थी कि वे सप्ताहांत में होने वाले तासुआ और आशुरा के दौरान राष्ट्रपति के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे।
शनिवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच छिटपुट झड़पें हुईं और पुलिस ने उन पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े और हवा में गोलियां चलाईं।
तेहरान के उत्तरी हिस्से में अहमदीनेजाद समर्थकों द्वारा बाधा पहुंचाने से पूर्व सुधारवादी राष्ट्रपति मोहम्मद खातमी का भाषण रद्द करना पड़ा। इसके बाद कई घंटे तक प्रदर्शन जारी रहा और बाद में दंगा-निरोधक पुलिस बल तैनात किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications