कैदियों को टेलीफोन पर बात करने की सुविधा
जबलपुर, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। क्रिसमस के मौके पर जबलपुर के केंद्रीय जेल में बंद सजायाफ्ता कैदियों को एक तोहफा मिला है, यह तोहफा उन्हें अपने परिजनों से जोड़ने में मददगार होगा। यहां सजा काट रहे कैदी अब अपने परिजनों से टेलीफोन पर बात कर सकेंगे।
केंद्रीय जेल में बंद कैदियों के लिए टेलीफोन सेवा की शुरुआत की गई है। इस सेवा का 10 साल या उससे अधिक की सजा काट रहे सजायाफ्ता कैदियों को लाभ मिलेगा। जेल अधीक्षक गोपाल ताम्रकार ने आईएएनएस को बताया है कि कैदी खुद फोन नहीं कर सकेंगे बल्कि परिजनों के आने वाले फोन पर ही बात कर सकेंगे।
ताम्रकार ने बताया कि इस जेल में दूरदराज के कैदी आते हैं और मुलाकात के लिए आने वाले उनके परिजनों को आर्थिक भार वहन करना पड़ता है। वे इस बोझ से बच सकें इसके लिए यह सेवा शुरू की गई है। इस सेवा के तहत कैदी सात दिन में एक बार अधिकतम पांच मिनिट अपने परिजनों से बात कर सकेगा।
ताम्रकार के अनुसार कैदी और परिजन के बीच होने वाली बातचीत को रिकार्ड करने के साथ उसकी मानीटरिंग भी की जाएगी। अगर यह पाया जाता है कि टेलीफोन पर अवैधानिक बात की गई है तो कैदी से यह सुविधा छीन ली जाएगी। इतना ही नहीं उस पर वैधानिक कार्रवाई भी होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications