विधान परिषद प्रत्याशियों और पंचायत प्रतिनिधियों से मिले राहुल (लीड-1)
प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता अखिलेश प्रताप सिंह ने मंगलवार को आईएएनएस को बताया कि कांग्रेस महासचिव मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे विमान से रायबरेली के फुर्सतगंज हवाई अड्डे पहुंचे और यहां से सड़क मार्ग से अमेठी के अतिथि गृह के लिए रवाना हुए।
इस दौरान राहुल ने रास्ते में जायस कस्बे में रूककर मलिक मोहम्मद जायसी इंटर कॉलेज गए और छात्रों से मुलाकात की।
सूत्रों के मुताबिक अमेठी के मुंशीगंज अतिथि गृह में राहुल गांधी ने रायबरेली और सुल्तानपुर दोनों जिलों के कांग्रेस नेताओं व पंचायत प्रतिनिधियों से करीब डेढ़ घंटे तक अलग-अलग मुलाकात कर पार्टी के विधान परिषद उम्मीदवारों को जीताने के लिए एकजुट होने को कहा। दोनों जिलों के प्रतिनिधियों के लिए अलग-अलग टेंट लगाए गए थे। इस दौरान दोनों विधान परिषद प्रत्याशी भी मौजूद थे।
कांग्रेस पदाधिकारियों की तरफ से राहुल का यह दौरा पूरी तरह से गैरराजनीतिक करार दिया गया। यहां के बाद राहुल भेटुवा विकास खंड के राम पट्टी गांव पहुंचे और वहां स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से साथ बैठकर उनकी प्रगति की जानकारी ली। करीब एक घंटे यहां रूकने के बाद वह गौरीगंज की पूर्व विधायक राजपति देवी के घर पहुंचे और वहां उन्होंने शोक संतृप्त परिवार को संवेदनाएं प्रकट की। पिछले दिनों पूर्व विधायक के पौत्र का देहांत हो गया था।
गौरीगंज से वह रायबरेली के जगतपुर कस्बे पहुंचे और स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। बताया जा रहा है कि राहुल फिलहाल वहीं पर मौजूद हैं। स्थानीय कांग्रेसियों के मुताबिक कांग्रेस महासचिव को आज रात मुंशीगंज अतिथि गृह में गुजारनी थी। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि वह दलित बस्तियों में जाकर रात गुजार सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications