सीसीटीवी कैमरे लगाएंगे पंचकुला के जौहरी
पंचकुला (हरियाणा), 19 दिसम्बर (आईएएनएस)। पुलिस ने लूट की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए पंचकुला की गहनों की दुकानों के मालिकों को पांच जनवरी तक अपनी दुकानों के परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं।
जिला पुलिस प्रमुख महेश चौधरी ने शनिवार को आईएएनएस से कहा, "चोरी की घटनाओं के मद्देनजर एहतियात बरतने की रणनीति पर चर्चा करने के लिए हमने जौहरियों के संघ के साथ बैठक की थी। बैठक में संघ के सभी सदस्यों को दुकानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा।"
उन्होंने कहा, "सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिग उन्हें कुछ महीनों तक संभालकर रखनी होगी। हमने कैमरे लगाने के लिए उन्हें पर्याप्त समय दिया है। यदि किसी ने तय समय सीमा तक कैमरे नहीं लगाए तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
बैंकों को भी 10 जनवरी तक सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
चौधरी ने कहा, "लूट की ताजा घटनाओं को देखते हुए हमने शहर में गश्त बढ़ा दी है। हम स्थिति को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश कर रहे हैं और जल्दी ही इन घटनाओं के पीछे के वास्तविक अपराधियों को पकड़ सकेंगे।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications