भारत और चीन को मनाने का प्रयास करेंगे ओबामा
वाशिंगटन, 16 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा कोपेनहेगन में भारत और चीन को इस बात के लिए तैयार करने की कोशिश करेंगे कि वे ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती करें क्योंकि ऐसा करना उनके भी हित में है।
ओबामा इस सप्ताह के आखिर में कोपेनहेगन में चल रहे जलवायु परिवर्तन शिखर सम्मेलन में पहुंचेंगे जहां प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कई वैश्विक नेता मौजूद रहेंगे। भारत और चीन को मनाने के सवाल पर विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता पी. जे. क्राउली ने कहा, "ओबामा यह प्रयास करेंगे।"
क्राउली ने कहा कि अमेरिका ने इस मुद्दे पर भारतीय और चीनी अधिकारियों के साथ बहुस्तरीय बातचीत की है। उन्होंने कहा कि मनमोहन की अमेरिका यात्रा और विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन के विगत जुलाई में भारत दौरे के समय भी इस मसले पर बातचीत हुई थी।
प्रवक्ता ने कहा कि ओबामा और हिलेरी के चीन दौरे के समय भी ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन में कटौती का मुद्दा सामरिक और आर्थिक वार्ता में शामिल था।
उन्होंने कहा, "हम उभरते देशों चीन,भारत, ब्राजील और अन्य की भागीदारी के बगैर इस चुनौती का हल नहीं निकाल सकते। "
क्राउली ने कहा, "हम इस मुद्दे पर विधेयक को लेकर कांग्रेस के साथ काम कर रहे हैं लेकिन राष्ट्रपति ने फोरी तौर पर ही वर्ष 2020 तक अमेरिका के लिए उत्सर्जन में 17 फीसदी की कटौती का लक्ष्य आगे बढ़ा दिया है।"
यह पूछे जाने पर कि क्या अमेरिका और पश्चिमी देश हरित तकनीक को देने के लिए तैयार हैं तो प्रवक्ता ने कहा कि प्रौद्योगिकी इस मामले के हल का एक अहम हिस्सा होगा। उन्होंने कहा, "हम अर्थव्यवस्था की सकारात्मकता के बारे में सोचते हैं न कि नकारात्मकता के बारे में।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications