चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से एक और मौत, 13 नए मामले
चण्डीगढ़, 14 दिसम्बर (आईएएनएस)। चण्डीगढ़ में 65 वर्षीय एक व्यक्ति की स्वाइन फ्लू से मौत हो गई है जबकि इसके संक्रमण के 13 नए मामले सामने आए हैं। यह जानकारी अधिकारियों ने सोमवार को दी।
स्वाइन फ्लू से पीड़ित शख्स दादुमाजरा गांव का निवासी था। उसनक रविवार को एक सरकारी अस्पताल में दम तोड़ दिया।
एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया, "मरीज को शनिवार को सेक्टर 32 के शासकीय चिकित्सा कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसे जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था और रविवार शाम उसकी मृत्यु हो गई।"
उन्होंने बताया, "13 नए मामलों में एच1एन1 वायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। फ्लू जैसे लक्षण दिखने के बाद हमने इन मरीजों से कल (रविवार को) जांच के लिए नमूने इकट्ठे किए थे। इनमें से सात मामले चण्डीगढ़, चार मामले पंजाब और दो मामले हरियाणा के हैं।"
उन्होंने कहा कि मरीजों में एक चिकित्सक और तीन बच्चे शामिल हैं।
अब तक चण्डीगढ़ में 220 लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें 60 छात्र और 30 चिकित्सक शामिल हैं।
इस वायरस के संक्रमण से शहर के अस्पतालों में अब तक 25 से ज्यादा लोगों की मृत्यु हो चुकी है।
सर्दियां शुरू होने के साथ स्वाइन फ्लू के मामलों की संख्या बढ़ गई है। पिछले 10 दिनों में 10 लोगों की इससे मृत्यु हो गई जबकि संक्रमण के 35 नए मामले सामने आए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications