अब मायावती ने की पृथक पूर्वाचल की मांग (लीड-1)
मायावती ने शुक्रवार को कहा था कि बुंदेलखंड और हरित प्रदेश के गठन के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है। अब उन्होंने पूर्वाचल को अलग राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग छेड़ दी है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का बंटवारा सुशासन प्रदान करने के व्यापक हित में होगा।
यहां रविवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में मायावती के अतिरिक्त कैबिनेट सचिव वी.एस.पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने इस बाबत एक पत्र आज ही प्रधानमंत्री को लिखा है।
पत्र की प्रति वितरित करते हुए पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने पत्र में पूर्व में भेजे गए पत्र की ओर भी प्रधानमंत्री का ध्यान खींचा है, जिसमें उन्होंने छोटे राज्यों की अपनी इच्छा जताई थी। इसके साथ ही पत्र में गरीबी से त्रस्त पूर्वाचल के जिलों को मिला कर एक अलग राज्य बनाए जाने की मांग की गई है।
प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में मायावती ने कहा है, "पूर्वाचल राज्य के गठन के लिए जैसे ही आपकी संस्तुति हमें प्राप्त होगी, हम तत्काल राज्य विधानसभा में उससे संबंधित एक प्रस्ताव पारित कर देंगे।"
इसके साथ ही मायावती ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को अपनी उस दीर्घकालिक मांग की भी याद दिलाई है, जिसमें उन्होंने अति पिछड़े पूर्वाचल क्षेत्र के विकास के लिए एक विशेष आर्थिक पैकेज की मांग की थी। उन्होंने कहा है, "पिछड़े पूर्वाचल क्षेत्र के विकास के लिए 80,000 करोड़ रुपये के एक विशेष आर्थिक पैकेज की मेरी मांग आपके पास लंबे समय से लंबित है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications