बलात्कार की राजधानी न बन जाए गोवा : पर्यटन मंत्री
राज्य के मुख्यमंत्री दिगंबर कामत को गुरुवार को लिखे अपने पत्र में पाचेको ने कहा है, "यहां धीरे-धीरे यह धारणा बनती जा रही है कि गोवा पुलिस या तो पूरी तरह अक्षम है या अन्य कारणों के प्रभाव में है। परिणामस्वरूप शिकायतों की ठीक से जांच नहीं हो पा रही है।"
पाचेको ने कहा है, "इस बात का भय है कि गोवा पुलिस के बुरे प्रदर्शन के मद्देनजर विदेशी दूतावास कहीं अपने नागरिकों को गोवा की यात्रा से बचने का निर्देश न जारी कर दें।"
पाचेको ने मुख्यमंत्री को यह पत्र ऐसे समय में लिखा है, जब स्थानीय नेता जॉन फर्नाडीज द्वारा एक 25 वर्षीय रूसी महिला के साथ कथित बलात्कार की घटना सामने आई है। रूसी महिला ने कहा है कि शुरू में पुलिस शिकायत दर्ज न कराने के लिए दबाव बना रही थी। लेकिन शिकायत दर्ज करने के बाद भी उसने अब तक न तो आरोपी को कभी पूछताछ के लिए बुलाया और न उसने उसे गिरफ्तार ही किया।
बलात्कार पीड़िता द्वारा गोवा पुलिस पर लगाए गए आरोपों का जिक्र करते हुए पाचेको ने अपने पत्र के जरिए मुख्यमंत्री से राज्य पुलिस में सुधार करने का आग्रह किया है, ताकि विदेशी पर्यटकों की नजर में पुलिस की अच्छी छवि बन सके और पर्यटकों का आगमन अप्रभावित बना रहे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications