भारत दौरे पर जाएंगे नेपाली राष्ट्रपति!
काठमांडू, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के पहले राष्ट्रपति राम बरन यादव अगले वर्ष फरवरी में भारत दौरे पर जा सकते हैं। यदि वह नई दिल्ली जाते हैं तो राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी।
एक नेपाली समाचार पत्र ने विदेश मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से इस सबंध में खबर प्रकाशित की है। समाचार पत्र के अनुसार राष्ट्रपति का तीन दिवसीय भारत दौरा 15 फरवरी को शुरू होगा। यात्रा के दौरान वह 16 फरवरी को भारत की राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील से मुलाकात करेंगे।
यद्यपि, विदेश मंत्रालय ने आईएएनएस को बताया कि यादव के दौरे की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
पूर्व में पेशे से चिकित्सक यादव ने एमबीबीएस की पढ़ाई पश्चिम बंगाल के कोलकाता मेडिकल कॉलेज से की थी। उन्होंने एमडी की पढ़ाई चण्डीगढ़ स्थित पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल रिसर्च से की थी।
वर्ष 2008 में चीन में ओलंपिक आयोजन के दौरान राष्ट्रपति हू जिंताओ ने यादव को बीजिंग आने का न्यौता दिया था लेकिन उन्होंने देश में तात्कालीन परिस्थितियों का हवाला देते हुए चीन जाने से इंकार कर दिया था।
जुलाई 2008 में जब यादव राष्ट्रपति चुने गए थे तो भारत की राष्ट्रपति पाटील ने उन्हें बधाई दी थी और भारत आने का न्योता भी दिया था।
दूसरी ओर यादव के भारत के प्रस्तावित दौरे को लेकर नेपाल में एक अजीब स्थिति बन गई है। दरअसल देश में राष्ट्रपति की अनुपस्थिति में उप राष्ट्रपति को उनका काम देखना पड़ता है लेकिन अगस्त से देश में उप राष्ट्रपति का पद खाली है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications