दिल्ली में बगैर आईएमईआई संख्या वाले 3500 मोबाइल जब्त, 23 लोग गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस (अपराध शाखा) के अतिरिक्त आयुक्त नीरज ठाकुर ने बताया, "हमने बगैर आईएमईआई संख्या वाले मोबाइल फोन बेचने वाले 23 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 3502 मोबाइल सेट भी बरामद किए गए हैं। इनके पास से एक 'स्पाइडरमैन सॉफ्टवेयर बॉक्स' भी बरामद किया गया है। इस उपकरण का उपयोग अवैध मोबाइल फोन में आईएमईआई संख्या डालने के लिए किया जाता है। जब्त किए गए अधिकांश मोबाइल फोन चीन में निर्मित हैं।"
आईएमईआई संख्या किसी मोबाइल फोन की पहचान के लिए अतिआवश्यक है। यह सुरक्षा के लिहाज से भी बहुत महत्वपूर्ण होती है क्योंकि इसके जरिए यह जाना जा सकता है कि किसी मोबाइल का उपयोग करने वाला उपभोक्ता कहां है। इस काम के लिए सेवा प्रदाता कंपनी की मदद ली जाती है।
सरकार ने ऐसे सभी मोबाइल फोन की बिक्री और उपयोग पर रोक लगा दी है, जिनमें वैध आईएमईआई संख्या अंकित नहीं होती है। इसे लेकर दूरसंचार विभाग ने पिछले महीने सभी मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों को एक निर्देश जारी किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications