हेडली पर अभियोग आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में 'महत्वपूर्ण दिन' : ओबामा
वाशिंगटन, 8 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा का मानना है कि डेविड कोलमैन हेडली पर मुंबई आतंकवादी हमले के लिए आरोप पत्र दायर करना अमेरिकी लोगों की सुरक्षा के प्रयासों में एक 'महत्वपूर्ण दिन' है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता राबर्ट गिब्स ने सोमवार को संवाददाताओं से कहा, "निश्चय ही हम अमेरिकी लोगों की सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाना जारी रखेंगे। राष्ट्रपति ने भी कहा कि आज का दिन इस संदर्भ में महत्वपूर्ण है।"
पाकिस्तानी राजनयिक और एक अमेरिकी मां के 49 वर्षीय पुत्र हेडली पर 26/11 के आतंकवादी हमले से पहले खुफिया जानकारी एकत्र करने का आरोप लगाए जाने के बाद गिब्स ने यह टिप्पणी की। हमले में छह अमेरिकी लोगों सहित 166 व्यक्ति मारे गए थे।
विदेश विभाग के प्रवक्ता इयान केली ने कहा कि हेडली से हासिल जानकारियों को साझा करने के लिए न्याय विभाग और एफबीआई का एक दल नई दिल्ली जाएगा।
उन्होंने सोमवार को संवाददाताओं से कहा कि यह दौरा भारतीय प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के दौरे के दौरान राष्ट्रपति के वादे के अनुसार होगा। ओबामा ने इस मामले में भारत को पूरा सहयोग देने का वादा किया था।
केली ने कहा कि इस मामले में पाकिस्तान के अधिकारियों से भी नजदीकी संपर्क रखा जा रहा है। नई दिल्ली के दौरे के बाद न्याय विभाग और एफबीआई का दल पाकिस्तान जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications