हेलीकॉप्टर उतारने के मामले में माया सरकार ने केंद्र को लिखा पत्र (लीड-3)
प्रदेश के अपर मंत्रिमंडलीय सचिव विजय शंकर पांडे ने लखनऊ में मंगलवार शाम को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस महासचिव राहुल गांधी जिस तरह लगातार सुरक्षा मानकों की अनदेखी कर रहे हैं उस स्थिति में कोई दुर्घटना होने पर केंद्र सरकार जिम्मेदार होगी। राज्य सरकार का उससे कोई वास्ता नहीं होगा।
पांडे ने कहा कि राज्य सरकार की तरफ से केंद्र सरकार को पत्र भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि सीतापुर के जिला मजिस्ट्रेट संजय कुमार ने राज्य सरकार को रिपोर्ट सौंपी है। उसमें साफ कहा गया है कि राहुल का हेलीकॉप्टर जिस समय उतारा गया, उस समय सूर्यास्त हो चुका था। पूरी तरह से सुरक्षा नियमों की अनदेखी की गई।
राज्य सरकार को भेजी रिपोर्ट में सीतापुर के जिलाधिकारी ने कहा है कि हेलीकॉप्टर की लैंडिंग साढ़े पांच बजे अंधेरे में हुई। यही नहीं राहुल गांधी काफिले की बुलेटप्रूफ गाड़ी में नहीं बैठे बल्कि टयोटा गाड़ी से हरदोई गए।
जिलाधिकारी ने संवाददाताओं को बताया कि राहुल का हेलीकॉप्टर शाम 5.30 बजे उतरा, जबकि सूर्यास्त शाम 5.13 बजे ही हो गया था। हेलीकॉप्टर उतरने के दौरान दृश्यता कम थी। रोशनी की सही व्यवस्था नहीं थी।
इससे पहले सीतापुर में अंधेरे में हेलीकॉप्टर उतरवाने को लेकर राहुल गांधी ने मंगलवार सुबह लखनऊ में एक संवाददाता सम्मेलन में सफाई देते हुए कहा कि न तो उन्होंने पायलट पर कोई दबाव डाला और न ही पायलट ने कोई नियम तोड़ा। पायलट ने सोच समझकर लैंडिंग की थी।
जिस समय पायलट ने हेलीकॉप्टर उतारा उस समय पर्याप्त रोशनी थी। उन्होंने इस विवाद लिए मीडिया को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि मीडिया को जांच के बाद खबरें आगे बढ़ानी चाहिए।
इससे पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि राहुल ने लोगों से मिलने का वादा पूरा करने के लिए दृश्यता न के बराबर होते हुए भी सीतापुर के आर्म्स ट्रेनिंग सेंटर में बने हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरवाया।
इंडो-एशियन न्यूज सíवस।












Click it and Unblock the Notifications