कनाडा के ओंटारियो प्रांत के प्रधानमंत्री भारत दौरे पर
टोरंटो, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। कनाडा के ओंटारियो प्रांत के प्रधानमंत्री डाल्टन मैकग्युनिटी शनिवार को भारत के एक सप्ताह के दौरे पर रवाना हुए। इस दौरान वे भारत को हरित प्रौद्योगिकी बेचने का प्रयास करेंगे।
पिछले सप्ताह भारत-कनाडा असैन्य परमाणु समझौते के बाद 6-11 दिसम्बर के इस दौरे में मैकग्युनिटी के नेतृत्व में व्यापारिक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद का दौरा करेगा।
कनाडा की अर्थव्यवस्था में 40 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी और टोरंटो के ओंटारियो प्रांत की राजधानी होने से यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
भारत रवाना होने से पहले मैकग्युनिटी ने कहा कि भारत के पास कुछ पर्यावरणीय समस्याएं हैं और कनाडा के पास 2,600 से अधिक पर्यावरण प्रौद्योगिकी कंपनियां हैं।
मैकग्युनिटी ने अगले तीन वर्षो में प्रांत में 50,000 हरित नौकरियां पैदा करने का लक्ष्य रखा है।
वर्ष 2030 तक अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में भारत के 200 अरब डॉलर के निवेश की संभावना को देखते हुए कनाडा के लिए भारत एक बड़ा बाजार है।
कनाडा की कंपनियों की निगाह भारत के जलशोधन और खराब जल के शोधन क्षेत्र पर भी है जो प्रतिवर्ष 10-12 प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है।
कनाडा के प्रतिनिधिमंडल में 31 लोग शामिल हैं। इनमें से 27 ओंटारियो प्रांत की कंपनियों और विश्वविद्यालयों के लोग हैं, जिनको हरित प्रौद्योगिकी में विशेषज्ञता हासिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications