दारफुर में संयुक्त राष्ट्र के 3 शांतिरक्षकों की हत्या
नैरोबी/खार्तूम, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। सूडान के अशांत पश्चिमी इलाके दारफुर में एक अज्ञात बंदूकधारी के हमले में संयुक्त राष्ट्र के तीन शांतिरक्षकों की मौत हो गई।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गोलीबारी की घटना एक सरकारी जांच चौकी के समीप हुई। दो शांतिकर्मियों की मौत घटनास्थल पर हुई जबकि एक ने बाद में दम तोड़ा। मारे गए सैनिक रवांडा के थे और एक पानी के टैंकर की सुरक्षा में तैनात थे।
सूडान के अशांत इलाके दारफुर में करीब 19,000 सैनिक और पुलिसकर्मी तैनात हैं। इन मौतों के बाद वर्ष 2008 के आरंभ से तैनात संयुक्त राष्ट्र शांतिरक्षक दल के मारे गए सदस्यों की संख्या 20 हो गई।
संयुक्त राष्ट्र के एक अनुमान के अनुसार दारफुर इलाके में वर्ष 2003 से जारी हिंसा में करीब 300,000 लोग मारे गए हैं और 25 लाख लोग विस्थापित हुए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications