लुधियाना में तनाव बरकरार, कर्फ्यू जारी (लीड-1)
दमदमी टकसाल के नेतृत्व वाले सिख संगठनों ने रविवार को लुधियाना बंद का आह्वान किया। रविवार को भी उन्होंने लुधियाना-चंडीगढ़ राजमार्ग पर धरना जारी रखा।
शहर के विभिन्न इलाकों में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस और अर्धसैनिक बलों को हाई अलर्ट कर दिया गया है।
शनिवार को सिख प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प में एक प्रदर्शनकारी की मौत हो गई थी और 15 अन्य घायल हो गए।
लुधियाना के जिला पुलिस प्रमुख एस.एस. गिल ने कहा, "हमने समाज के सभी वर्गो के लोगों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बलों को तैनात किया गया है।"
सिख प्रदर्शनकारी 'दिव्य ज्योति जागरण संस्थान' (डीजेजेएस) के प्रमुख आशुतोष महाराज के कार्यक्रम में बाधा पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे। दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए शनिवार को पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए थे।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले शुक्रवार को प्रवासियों के उपद्रव की वजह से शहर में हिंसक घटनाएं हुई थीं।
सिख संगठनों ने सोमवार को पंजाब बंद का आह्वान किया है। पिछले तीन दिनों से जारी हिंसा की वजह से शहर के उद्योगों पर प्रतिकूल असर पड़ा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications