हुर्रियत नेता कुरैशी की हालत स्थिर
कुरैशी के एक नजदीकी रिश्तेदार तारिक अंदराबी ने आईएएनएस को बताया, "शुक्रवार रात उनका ऑपरेशन 11.30 बजे तक चला और चिकित्सकों ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है लेकिन नाजुक बनी हुई है।"
कुरैशी को शेर-ए-कश्मीर मेडिकल इंस्टीट्यूट सौरा (एसकेआईएमएस) के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती करवाया गया, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और कुरैशी के नजदीकी रिश्तेदारों के अलावा किसी को उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है।
चिकित्सकों ने शुक्रवार को कहा था कि कुरैशी के सिर में गोली लगी थी।
उल्लेखनीय है कि कुरैशी मीरवाइज उमर फारुख के नेतृत्व वाले हुर्रियत कांफ्रेंस के उदारवादी गुट के वरिष्ठ नेता हैं। उन्हें कश्मीर मामले पर वार्ता प्रक्रिया का समर्थक माना जाता है।
कुरैशी को शुक्रवार शाम चार अज्ञात लोगों ने उनके घर से बाहर समीप से गोली मार दी थी। इस हमले को केंद्र सरकार और अलगाववादियों के बीच जारी वार्ता को बाधित करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications