अमेरिका का अफगानिस्तान से जल्द हटने का इरादा नहीं
अरुण कुमार
वाशिंगटन, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान से जल्दी हटने का अमेरिका का कोई इरादा नहीं है और वर्ष 2011 से वहां सैनिकों की वापसी शुरू करने की राष्ट्रपति ओबामा की घोषणा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सलाह से असहमति नहीं है।
ओबामा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जनरल जेम्स जोन्स ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने इस संबंध में चर्चा की। अमेरिका का निकट भविष्य में अफगानिस्तान से हटने का कोई इरादा नहीं है,वर्ष 2011 में तो निश्चित ही नहीं।"
जोन्स ने कहा कि अमेरिका के 100,000 से अधिक सैनिकों और नाटो तथा गैर नाटो सहयोगियों के सैनिकों की संख्या में भी महत्वपूर्ण वृद्धि होने से अफगानिस्तान में ऐसी स्थिति पैदा की जा सकेगी, जिससे अफगान सरकार आंतरिक सुरक्षा की अधिक जिम्मेदारी संभाल सके।
उन्होंने कहा कि इससे अमेरिका के कुछ सैनिकों को घर वापस लौटने का रास्ता साफ होगा। परंतु उनकी संख्या जमीनी हकीकत के अनुसार तय होगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications