आतंकवादी पनाहगाहों को ध्वस्त करे पाक : अमेरिका (लीड-1)
वाशिंगटन, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। अमेरिका ने कहा कि एक 'परमाणु राष्ट्र' के रूप में पाकिस्तान अपनी जिम्मेदारियों से पूरी तरह अवगत है और संकेत दिया कि उनमें वाशिंगटन के सहयोग से आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाहों को समाप्त करना भी शामिल है।
अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार जेम्स जोन्स ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा, "निश्चय ही एक परमाणु संपन्न देश के रूप में पाकिस्तान पर बहुत अधिक जिम्मेदारियां हैं।"
उन्होंने कहा, "पाकिस्तान इससे अच्छी तरह अवगत है और हम इस मुद्दे पर नियमित तौर पर मशविरा करते हैं।"
पत्रकारों के यह पूछने कि पाकिस्तान के साथ केवल परमाणु और आतंकवाद के मुद्दे पर आधारित दोनों देशों के संबंधों को अमेरिका का कैसे आगे बढ़ाने का इरादा है? जोन्स ने कहा, "अमेरिका और पाकिस्तान के बीच संबंध बहुत सकारात्मक हैं और भविष्य में भी सकारात्मक रहेंगे।"
उन्होंने कहा कि अमेरिका पाकिस्तान में लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समर्थन जारी रखेगा। पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों का विस्तार परमाणु मुद्दे से आगे व्यापार और बेहतर आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों तक होगा और दक्षिण एशिया क्षेत्र में अमेरिका अधिक शांति और स्थिरता के लिए प्रयासरत है।
जोन्स ने उम्मीद जताई कि पाकिस्तान में लोकतंत्र फूलेगा-फलेगा और यह वहां की जनता के हित में होगा।
एक सवाल के जवाब में जोन्स ने कहा कि पाकिस्तानी सेना के सहयोग से अफगानिस्तान और सीमावर्ती इलाकों से यदि आतंकवादियों के ठिकानों का सफाया कर दिया गया तो वह भविष्य में पूरे क्षेत्र की भलाई का संकेत होगा।
जोन्स ने कहा कि आतंकवादियों की सुरक्षित पनाहगाहों को एक बार नष्ट करने के बाद उनके सामने बिल्कुल अलग तरह की समस्याएं होंगी और उनसे निपटना आसान होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications