हिमाचल में सड़क परियोजनाएं पूरी करेगी चीनी कंपनी
हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने आईएएनएस को बताया, "लांगजियान रोड एंड ब्रिज कंपनी लिमिटेड ने दो बड़ी सड़क परियोजनाओं का निर्माण कार्य फिर शुरू कर दिया है। ये परियोजनाएं समय से पीछे चल रही हैं।"
सितम्बर में चीनी कर्मचारियों के स्वदेश वापस लौटने से मेहतापुर-उना-अंब और थेओग-कोतकही-हतकोटी-रोहरु सड़क परियोजनाओं पर काम रुका पड़ा था।
अगस्त में सरकार की नई वीजा नीति के आने के बाद चीनी कंपनी के कर्मचारियों को वापस लौटने को मजबूर होना पड़ा। नई वीजा नीति के अनुसार व्यापार वीजा पर चीन के लोगों को देश में काम करने की अनुमति नहीं है।
ठाकुर ने बताया कि कंपनी के निदेशक लियु शुजान ने शुक्रवार को उनसे भेंट की और सड़क निर्माण कार्य तेज करने वादा किया। कंपनी के 11 कर्मचारियों को भारत सरकार से वीजा मिल गया है।
करीब 125 किलोमीटर लंबी और 354 करोड़ रुपये की लागतवाली इन दो सड़कों के निर्माण का कार्य वर्ष 2008 में चीन की कंपनी को दिया गया था। इस कार्य को नवंबर 2010 में पूरा होना था लेकिन अब तक मुश्किल से 10 प्रतिशत कार्य ही पूरा हुआ है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications