प्रधानमंत्री की रूस यात्रा के एजेंडे में परमाणु सहयोग को शीर्ष प्राथमिकता
नई दिल्ली, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। अपनी हालिया सफल अमेरिका यात्रा के बाद प्रधानमंत्री डा.मनमोहन सिंह रविवार को रूस के तीन दिवसीय दौरे पर रवाना हो रहे हैं। प्रधानमंत्री की यात्रा के एजेंडे में असैन्य परमाणु सहयोग को उच्च प्राथमिकता हासिल होगी। खुद प्रधानमंत्री ने इसकी पुष्टि की है।
रूसी राष्ट्रपति दिमित्री मेदवेदेव से उनकी बातचीत के एजेंडे में सहयोग के कई पहलुओं पर मंथन होगा। यात्रा के दौरान दोनों मुल्कों के बीच होने वाले समझौते से भारत के असैन्य परमाणु कार्यक्रम को दीर्घकालीन रूसी मदद और भारत को रूस की ओर से एटमी ईंधन एवं तकनीकी की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
प्रस्तावित समझौते के मसौदे के मुताबिक भारत को रूस द्वारा आपूर्ति यूरेनियम का 20 फीसदी तक संवर्धन करने की छूट मिलेगी। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को रूसी मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि परमाणु ऊर्जा सहयोग रूस के साथ भारत की दोस्ती का बेहद महत्वपूर्ण स्तंभ है।
उन्होंने एक साक्षात्कार में कहा, "हमने परमाणु विद्युत परियोजनाओं के लिए रूस के साथ गठजोड़ के लिए कुछ स्थलों की पहचान की हैं।" दोनों नेता रूस की ओर से तमिलनाडु स्थित कूंडनकुलम परमाणु विद्युत संयंत्र को चार और परमाणु रिएक्टरों की आपूर्ति के मसले पर भी बातचीत करेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications