एचआईवी पॉजिटिव युवक को गांव से निकाला
लखनऊ, 5 दिसम्बर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 27 वर्षीय एक एचआईवी पॉजिटिव युवक को गांववालों ने गांव छोड़कर जाने के लिए बाध्य कर दिया है। गांववालों को डर है कि इस व्यक्ति से मच्छर के जरिए इलाके में संक्रमण फैल सकता है।
यहां से करीब 300 किलोमीटर दूर गोरखपुर जिले के सेवैन गांव का यह युवक पिछले चार दिनों से गांव के बाहरी छोर पर उपेक्षा और अकेलेपन की दोहरी मार झेल रहा है। सामाजिक बेरहमी का दंश झेल रहे इस युवक की मां ने शनिवार को गोरखपुर में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा, "स्थानीय लोगों ने पंचायत बुलाकर मेरे बेटे को गांव से बाहर करने का फैसला लिया। गांव के लोगों का कहना है मेरे बेटे से मच्छर के जरिए पूरे गांव में एड्स फैल जाएगा।"
इस दुखी महिला ने यह नहीं बताया है कि उनके पुत्र को संक्रमण कैसे हुआ। ज्यादा कुरेदने पर उन्होंने कहा, "मेरा बेटा नौकरी की तलाश में पुणे और हैदराबाद गया था। वहां छह-सात महीने रहने के बाद जब वह वापस लौटा तो अक्सर बीमार रहने लगा। स्वास्थ्य में जब सुधार नहीं हुआ तो मैंने उसे किसी अच्छे डाक्टर से मिलने की सलाह दी। रक्त जांच से उसके एचआईवी पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई।"
गांव के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह का कहना है कि पंचायत ने बिल्कुल सही फैसला लिया है। वह कहते हैं, "इस युवक से मच्छरों के जरिए दूसरे लोगों में बीमारी फैल सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications