मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने किया भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन का वादा
प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुरेश पचौरी ने शुक्रवार को नगरीय निकाय का घोषणा पत्र जारी करते हुए कहा कि कांग्रेस ने साफ सुथरा नगरीय प्रशासन देने के साथ आम आदमी की जरूरतों को पूरा करने को अपना लक्ष्य बनाया है। उन्होंने वादा किया कि नगरीय निकायों की कमान संभालने पर कांग्रेस राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना की तरह शहरी बेरोजगारों के लिए योजना की अनुशंसा कर केंद्र सरकार को भेजेगी।
कांग्रेस के घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि प्रदेश के नगरों को आधुनिक विकास की प्रक्रिया से जोड़ा जाएगा। जवाहरलाल नेहरू आवास योजना का लाभ सभी नगरीय क्षेत्रों की मलिन बस्तियों को दिलाने के प्रयास होंगे। नगरों मे पानी, बिजली, जल-मल निकास, द्रुतगामी परिवहन सुविधा, बस स्टैण्ड का निर्माण कराया जाएगा।
कांग्रेस ने वादा किया कि नागरिक सेवाओं को सस्ता और सुलभ बनाया जाएगा, भू -माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई होगी, बीपीएल का पुन: सर्वे कराया जाएगा, बिजली संकट से निपटने के लिए केप्टिव पावर प्लांट की तरह छोटे बिजली घर स्थापित किए जाएंगे।
घोषणा पत्र में कांग्रेस ने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, अन्य परिचय पत्रों को बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने का भी वादा किया है। इसके अलावा कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास बनाने के साथ महिलाओं एवं युवाओं के लिए योग केंद्र तथा जिम बनाने का वादा किया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications