प्रधानमंत्री ने लगाया भोपाल गैस पीड़ितों को मरहम
प्रधानमंत्री ने यहां जारी बयान में कहा है कि 25 साल पहले इस त्रासदी के कारण जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, या जो परिवार आज भी उस जहरीली गैस के प्रभावों से पीड़ित हैं, उन्हें उनकी पहले जैसी जिंदगी तो वापस नहीं मिल सकती, लेकिन प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए भारत सरकार ने कई कदम उठाए हैं। उन कदमों में सामाजिक-आर्थिक व चिकित्सा संबंधी राहत तथा उनके जीवन स्तर में सुधार लाने जैसी पहल शामिल हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह उन समाजिक संस्थाओं को भी नमन करना चाहेंगे, जिन्होंने पीड़ितों को राहत व न्याय दिलाने के लिए लंबा संघर्ष किया है।
मनमोहन सिंह ने कहा कि त्रासदी से पीड़ित हुए लोग लगातार हमारी मदद और सहानुभूति के हकदार हैं। सिंह ने कहा, "हम अपने नागरिकों को भरोसा दिलाते हैं कि भविष्य में ऐसी घटना फिर कभी न घटे, इसके लिए हम हर उपाय करेंगे और सावधानियां बरतेंगे।"
ज्ञात हो कि 25 साल पहले भोपाल स्थित यूनियन कार्बाइड कारखाने से रिसी जहरीली मिथाइल आइसोसायनेट गैस के कारण 5000 से अधिक लोग मारे गए थे और कई लोग स्थायी रूप से विकलांग हो गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications