ऑनलाइन ही होगा कैट : आईआईएम समिति
नई दिल्ली, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। इस साल कई तकनीकी खामियों से जूझ रही प्रबंधन संस्थानों की प्रवेश परीक्षा कॉमन एडमिशन टेस्ट (कैट) अगले साल भी ऑनलाइन होगी।
भारतीय प्रबंधन संस्थानों (आईआईएम) की दाखिला समिति ने बुधवार को कहा कि भारत के शीर्ष प्रबंधन संस्थानों में दाखिले की प्रवेश परीक्षा कैट अगले साल भी ऑनलाइन होगी।
आईआईएम-लखनऊ के प्रोफेसर और दाखिला समिति के अध्यक्ष हिमांशु राय ने कहा कि शनिवार को कैट के 10 दिवसीय कार्यक्रम में तकनीकी गड़बड़ी के लिए वह क्षमा चाहते हैं।
राय ने एक समाचार चैनल से कहा, "हम खुद को दोषमुक्त नहीं कह सकते.. कैट हमारा है। अब तक जो हुआ उसके लिए मैं बहुत क्षमाप्रार्थी हूं।"
उन्होंने कहा कि जांच के बावजूद इस प्रक्रिया में कुछ खामियां रह गई थीं।
राय ने कहा, "हम इससे सीख ले रहे हैं और परीक्षार्थियों ने जो कहा है उस पर भी ध्यान देंगे। आगे भी कैट ऑनलाइन होगा। ये शुरुआती दिन थे और हमें असुविधा के लिए खेद है। हम अपनी गलतियों से सबक ले रहे हैं और आगे ऐसा नहीं होगा।"
एक दिसम्बर को 45,000 परीक्षार्थियों को कैट देना था लेकिन 8,000 परीक्षार्थी ऐसा नहीं कर पाए थे। लखनऊ, दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरू के 40 केंद्रों पर यह परीक्षा हुई थी।
बुधवार को पांचवें दिन भी आईआईएम में प्रवेश की इच्छा रखने वाले हजारों परीक्षार्थी अनिश्चय की स्थिति में थे कि वह परीक्षा दे सकेंगे या नहीं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications