शिमला की पुरानी यादों को समेटने के लिए कॉफी टेबल बुक
शिमला, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। जो लोग दिलकश छटाओं से लैस शिमला की पुरानी यादों में खोने के आदी रहे हैं, उनके लिए अच्छी खबर है। ब्रिटिश भारत में सत्ता का प्रमुख केंद्र रहे शिमला के इतिहास को एक कॉफी टेबल बुक में समेटा जा रहा है।
राज्य के पर्यटन निदेशक अरुण कुमार ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "हम एक कॉफी टेबल बुक प्रकाशित करने जा रहे हैं जिसमें ब्रिटिश काल से जुड़ी इमारतों एवं प्रमुख हस्तियों का विवरण होगा।
इससे पर्यटक भी लाभान्वित होंगे। खासकर, ब्रिटिश पर्यटकों के लिए यह संग्रह काफी उपयोगी होगा, क्योंकि उनके लिए इस शहर का खास महत्व है।"
उन्होंने कहा कि इस संग्रह के प्रकाशित होने से ऐसे पर्यटकों की शिकायत दूर होगी जो यह शिमला के बारे में पर्याप्त जानकारी उपलब्ध नहीं होने की शिकायत करते रहे हैं।
अधिकारी ने बताया, "सभी प्रमुख इमारतों की तस्वीर ली जाएगी और उनका संक्षिप्त इतिहास इसमें दर्ज किया जाएगा। क्षतिग्रस्त हो चुकी इमारतों को श्वेत-श्याम स्केच में दिखाया जाएगा।"
उन्होंने बताया कि कॉफी टेबल बुक को अगले साल मार्च तक प्रकाशित कर दिया जाएगा। विभाग ने ऐतिहासिक इमारतों के निजी स्वामियों एवं प्रमुख पुराने संस्थानों के अधिकारियों से इमारतों के बारे में जानकारी उपलब्ध कराने को कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications