सुखोई की सभी प्रशिक्षण उड़ानें रद्द , तकनीकी जांच जारी (लीड-1)
नई दिल्ली, 2 दिसम्बर (आईएएनएस)। राजस्थान के जैसलमेर जिले में सोमवार को हुई दुर्घटना के बाद भारतीय वायु सेना ने अपने सभी अत्याधुनिक सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमानों की प्रशिक्षण उड़ानों पर फिलहाल रोक लगा दी है।
वायुसेना के प्रवक्ता के मुताबिक विमानों की तकनीकी जांच के बाद ही प्रशिक्षण उड़ान की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रवक्ता ने कहा, " किसी भी दुर्घटना के बाद सभी सुखोई विमानों की प्राथमिक जांच की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत विमानों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है। अनिवार्य जांच पूरी होने के बाद इन विमानों को उड़ाया जाएगा।"
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के बरेली में वायु सेना अड्डे की 31वीं स्क्वाड्रन से संबंधित सुखोई-30 एमकेआई लड़ाकू विमान सोमवार को राजस्थान के जैसलमेर जिले में स्थित पोखरण के दक्षिणपश्चिम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था हालांकि पॉयलटों की जान बच गई थी।
सुखोई-30 विमान को 1996 में वायुसेना में शामिल किया गया था। फिलहाल अत्याधुनिक सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के दस्ते में 98 विमान शामिल हैं। वर्ष 2015 तक सुखोई विमानों की संख्या बढ़कर 230 तक पहुंच जाएगी।
इस वर्ष वायुसेना के 13 विमान दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं। इन विमानों में दो सुखोई, छह मिग, एक किरण एमके-2 और एचपीटी-32 प्रशिक्षण विमान, एक एएन-32 परिवहन विमान और दो हेलीकॉप्टर शामिल हैं।
उल्लेखनीय है कि 1996 में वायुसेना में शामिल होने के बाद सुखोई लड़ाकू विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की यह दूसरी घटना है।
इस वर्ष 30 अप्रैल को राजस्थान में फ्लाई एयर प्रणाली में तकनीकी खराबी की वजह से पहला सुखोई विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications