राव का अनशन जारी, कांग्रेस नेताओं के घरों पर हमला (लीड-1)
राव खम्मम स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती हैं। उनके परिजनों ने बताया कि राव को तेज बुखार हैं और खाना नहीं खा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रविवार को आमरण अनशन करने जा रहे राव को गिरफ्तार कर लिया गया था और उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।
टीआरएस प्रमुख के पुत्र और विधायक के. ताराकरम राव ने संवादाताओं से कहा है कि खम्मम में उनके पिता की जान को खतरा है। उन्होंने मांग की कि राव को इस अस्पताल से स्थानांतरित किया जाए।
एक स्थानीय अदालत ने खम्मम की जिलाधिकारी ऊषारानी को आदेश दिया है कि वह राव के स्वास्थ्य के बारे में एक रिपोर्ट सौंपें।
उधर, खम्मम सहित राज्य के कई हिस्सों में गुस्साए टीआरएस कार्यकतरओ ने तोड़फोड़ और आगजनी की। टीआरएस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता रेणुका चौधरी के खम्मम स्थित कार्यालय को आग लगा दी।
रेणुका इन दिनों दिल्ली में हैं। पुलिस के मुताबिक टीआरएस कार्यकर्ताओं के एक समूह ने रेणुका के कार्यालय में पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इससे कार्यालय का दरवाजा और खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं।
खम्मम में ही टीआरएस समर्थकों ने कांग्रेस नेता और विधायक जलगाम वेंकेट राव के घर को आग लगा दी। इसी घर में उनका कार्यालय भी है।
टीआरस कार्यकर्ताओं ने करीमनगर जिले में एक बस, सरकारी दफ्तर और एक अस्पताल को आग के हवाले कर दिया। इसी क्षेत्र में छह बसों में तोड़फोड़ की गई। हैदराबाद की एक दुकान में भी पथराव किया गया।
इधर, हैदराबाद स्थित उस्मानिया विश्वविद्यालय में छात्रों का विरोध प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर में स्थित कई संस्थानों के नाम से आंध्र शब्द मिटाकर तेलंगाना कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications