राजस्थान के राज्यपाल एस. के. सिंह का निधन
सिंह को पिछले कुछ दिनों से राजधानी स्थित गंगाराम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं।
एस.के.सिंह को 19 अगस्त, 2007 को राजस्थान का राज्यपाल नियुक्त किया गया था। राजस्थान का राज्यपाल बनाए जाने के पहले वह दिसंबर 2004 से सितंबर 2007 तक अरूणाचल प्रदेश के राज्यपाल रहे थे।
24 जनवरी, 1932 को पैदा हुए सिंह काफी पढ़े-लिखे व्यक्ति थे। उन्होंने आगरा के सेंट जॉन्स कॉलेज से इतिहास, संस्कृति और हिंदी विषय में स्नातक की डिग्री हासिल की थी। उन्होंने आगरा विश्वविद्यालय से स्नतकोत्तर की उपाधि हासिल की और वहीं से एलएलबी की भी पढ़ाई की। उसके बाद सिंह ने यूनिवर्सिटी ऑफ कैंब्रिज के ट्रिनिटी कॉलेज में पर्सियन और अंतर्राष्ट्रीय कानून की पढ़ाई की।
सिंह ने अपने कॅरियर की शुरुआत वर्ष 1954 में भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के साथ जुड़ कर की। वर्ष 1956 से 1959 तक वह तेहरान में तीसरे सचिव के पद पर रहे। फरवरी 1989 में सिंह को विदेश सचिव बनाया गया।
विदेश सचिव बनाए जाने के पूर्व सिंह पाकिस्तान में सबसे लंबे समय तक (1985 से 1989) भारत के राजदूत के रूप में कार्य किया। इसके अलावा वह अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर भी रहे।
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष दीपेंद्र सिंह शेखावत और पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने सिंह के निधन पर शोक व्यक्त जताया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications