अवैध संबंधों के आरोप में पिटाई से ग्रामीण की मौत
पटना, 30 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में ग्रामीणों ने रविवार देर रात अवैध संबंधों के आरोप में एक व्यक्ति की कथित तौर पर जमकर पिटाई करने के बाद जलाकर हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार विशुनपुर सुमेर गांव का निवासी दिलीप राम रविवार देर रात अपने पड़ोसी मोती राम के घर में था। इसी बीच मोती राम लौट आया और उसे देखकर शोर मचाने लगा। शोर सुनकर रामलीला देखकर लौट रहे ग्रामीण जमा हो गए और दिलीप को पकड़ कर लिया। ग्रामीणों ने कथित तौर पर दिलीप की जमकर पिटाई करने के बाद केरोसिन तेल डालकर आग लगा दी।
घायलावस्था में कुछ ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों का आरोप है कि दिलीप के मोती की पत्नी के साथ अवैध संबंध थे। दिलीप की पत्नी जानकी देवी ने ग्रामीणों पर अपने पति की साजिश के तहत हत्या करने का आरोप लगाते हुए कांटी थाने में मामला दर्ज करवाया है।
मुजफ्फरपुर (पश्चिम) के पुलिस उपाधीक्षक धीरज कुमार ने सोमवार को बताया कि दोनों पक्षों ने कांटी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही पूरा मामला स्पष्ट हो पाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications