वामदलों के विरोध के कारण राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित
नई दिल्ली, 30 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में कानून व्यवस्था की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय दल भेजे जाने के मुद्दे पर हंगामे के कारण सोमवार को राज्यसभा की कार्यवाही दो बार स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद ही हंगामा आरंभ हो गया। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सीताराम येचुरी ने सरकार के इस कदम को संविधान का उल्लंघन बताया।
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा कि वह पार्टी की भावनाओं से गृहमंत्री को अवगत कराकर इस पर एक बयान देने के लिए कहेंगे।
इस जवाब से अंसतुष्ट वामदलों के सदस्य सभापति हामिद अंसारी के आसन के सामने पहुंच गए। इससे बाध्य होकर सदन की कार्यवाही 15 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही दोबारा आरंभ होने पर भी हंगामा समाप्त नहीं हुआ और सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications