ईरान 10 और यूरेनियम संवर्धन स्थल विकसित करेगा
तेहरान, 30 नवंबर (आईएएनएस)। अंतर्राष्ट्रीय दबाव की अनदेखी करते हुए ईरान ने 10 और यूरेनियम संवर्धन स्थल विकसित करने का निर्णय लिया है। ईरान सरकार ने इसे लेकर निर्देश जारी कर दिया है।
आईएसएनए समाचार एजेंसी के मुताबिक सरकार ने 10 अतिरिक्त यूरेनियम संवर्धन स्थल विकसित करने का आदेश दिया है। अगले दो महीनों में मौजूदा एटमी स्थलों पर पांच यूरेनियम संवर्धन स्थलों का निर्माण शुरू हो जाएगा। शेष पांच स्थलों के लिए उपयुक्त जगह की तलाश की जाएगी। रविवार को मंत्रिमंडल की एक बैठक में यह अहम फैसला लिया गया। ईरानी परमाणु एजेंसी को इस आशय का निर्देश दे दिया गया है।
राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा कि देश में अतिरिक्त 20,000 मेगावाट बिजली उत्पादित करने के लिए ईरान को 500,000 सेंट्रीफ्यूज की जरूरत है। सरकार ने यह फैसला चौथी ईरानी विकास योजना के तहत लिया है जिसके अंतर्गत देश के विद्युत केंद्रों की क्षमता में 20,000 मेगावाट का विस्तार करने का लक्ष्य रखा गया है। इस क्षमता का चरणबद्ध तरीके से विस्तार किया जाना है।
ईरान ने पी-1 उपकरणों को हटाकर उनकी जगह अधिक क्षमता वाले पी-2 उपकरण लगाने का फैसला किया है, ताकि विद्युत उत्पादन क्षमता का क्रमिक विकास हो। विएना स्थित अंतर्राष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी आईएईए की नाराजगी के बावजूद ईरान ने यह कदम उठाया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications