कैट की परीक्षा नहीं दे पाए छात्रों को मिलेगा मौका :आईआईएम (राउंडअप)
आईआईएम निदेशक फोरम के अध्यक्ष समीर बरुआ ने आईआईएम अहमदाबाद में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, "परीक्षा दे पाने से वंचित रह गए उम्मीदवारों को हम स्पष्ट रूप से आश्वस्त करते हैं कि उन्हें परीक्षा के लिए दूसरा मौका दिया जाएगा।"
एक प्रमुख कोचिंग संस्थान के अनुसार पहली बार ऑनलाइन आयोजित की जा रही कैट परीक्षा, कंप्यूटर में गड़बड़ी के कारण सोमवार को लगातार तीसरे दिन बाधित रही। मुंबई, बेंगलुरू और गाजियाबाद के परीक्षा केंद्रों पर कंप्यूटर में आई गड़बड़ी के कारण तमाम छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गए।
बरुआ ने कहा, "कंप्यूटर में आई इस गड़बड़ी का प्रमुख कारण वायरस हमला था। वायरस के हमले को रोकने के लिए सभी सावधानियां बरती गई थीं लेकिन फिर भी हम सफल नहीं हो पाए। कुछ स्थानों पर हार्डवेयर की समस्या थी। उदाहरण के तौर पर यदि कोई एक स्विच खराब हो गया तो उसे बदलने में लगभग दो घंटे लग गया।"
बरुआ ने कहा, "परीक्षार्थियों को जिन दिक्कतों का सामना करना पड़ा है, हम उसे महसूस करते हैं और हमारी पूरी सहानुभूति उनके साथ है। इन गड़बड़ियों के कारण जो परीक्षार्थी परीक्षा नहीं दे पाए हैं, उन सभी को दोबारा मौका दिया जाएगा।"
टाइम कोचिंग संस्थान के निदेशक उल्हास वैरागकर ने आईएएनएस को बताया, "हमें छात्रों से जानकारी मिली है कि बेंगलुरू में एक केंद्र पर और मुंबई में दो केंद्रों पर सुबह के समय परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं।"
कुछ छात्रों ने शिकायत की है कि इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस), गाजियाबाद परीक्षा केंद्र पर भी कंप्यूटर फेल हो गए, जिसके कारण सुबह के सत्र की कैट परीक्षा बाधित हो गई।
संस्थान के एक अधिकारी ने कहा, "कैट परीक्षा के अपराह्न् सत्र में कोई गड़बड़ी नहीं आई है।"
कैट की तैयारी कराने वाले संस्थान कैरियर लॉचंर के उपाध्यक्ष गौतम पुरी ने कहा, "तीन शहरों में सोमवार को भी कंप्यूटर में गड़बड़ी के कारण परीक्षा में बाधा आने की सूचना मिली है। तमाम परीक्षार्थी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि परीक्षा के लिए दिया गया दूसरा मौका कहीं उनके कॉलेज की परीक्षा के समय से टकरा न जाए।"
रविवार को देशभर में 13 शहरों के 24 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। कई केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी और कार्यक्रमों में फेरबदल की जानकारी नहीं होने की वजह से छात्रों को बिना परीक्षा दिए लौटना पड़ा था।
शनिवार को भी कंप्यूटर प्रणाली में गड़बड़ी और छात्रों को परीक्षा के कार्यक्रमों में फेरबदल की जानकारी के अभाव के कारण परीक्षा प्रभावित हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications