डब्ल्यूटीओ की 4 वर्षो में पहली मंत्रिस्तरीय बैठक शुरू
जेनेवा, 30 नवंबर (आईएएनएस)। अपने 153 सदस्य देशों के कार्यो की समीक्षा करने के उद्देश्य से विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की मंत्रिस्तरीय बैठक सोमवार को शुरू हुई। पिछले चार वर्षो में डब्ल्यूटीओ की यह पहली मंत्रिस्तरीय बैठक है।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार तीन दिवसीय सम्मेलन की कार्यसूची में व्यापार वार्ता नहीं होने के बावजूद विश्व व्यापार दौर की रुकी हुई वार्ता बैठक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। दुनिया भर के नेता वर्ष 2010 तक इस संबंध में एक समझौते पर जोर दे रहे हैं।
डब्ल्यूटीओ के अध्यक्ष पास्कल लेमी ने कहा कि यह सम्मेलन एक व्यापार समझौते पर चर्चा करने के बजाय अब तक उस पर हुए कार्यो की समीक्षा का मंच है।
प्रदर्शनकारियों के सम्मेलन में बाधा डालने की आशंका से सम्मेलन स्थल के आसपास सुरक्षा घेरा बनाया गया है और स्विट्जरलैंड के अन्य स्थानों से भी पुलिस को बुलाया गया है।
शनिवार को जेनेवा में पूंजीवाद विरोधी एक प्रदर्शन का हिंसक अंत हुआ। प्रदर्शनकारियों ने कारों में आग लगाने के साथ ही दुकानों के कांच तोड़े।
डब्ल्यूटीओ के सदस्य देश दुनिया के कुल व्यापार के 95 प्रतिशत हिस्से का प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे पहले संगठन के मंत्रियों की बैठक वर्ष 2005 में हांगकांग में हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications