तीसरे दिन भी बाधित हुई कैट परीक्षा (लीड-1)
टाइम कोचिंग संस्थान के निदेशक उल्हास वैरागकर ने आईएएनएस को बताया, "हमें छात्रों से जानकारी मिली है कि बेंगलुरू में एक केंद्र पर और मुंबई में दो केंद्रों पर सुबह के समय परीक्षाएं निरस्त कर दी गईं।"
कुछ छात्रों ने शिकायत की है कि इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (आईएमएस), गाजियाबाद परीक्षा केंद्र पर भी कंप्यूटर फेल हो गए, जिसके कारण सुबह के सत्र की कैट परीक्षा बाधित हो गई।
संस्थान के एक अधिकारी ने कहा, "कैट परीक्षा के अपराह्न् सत्र में कोई गड़बड़ी नहीं आई है।"
इसके पहले एक दूसरे प्रमुख कोचिंग संस्थान ने कहा था कि तीसरे दिन कैट परीक्षा सहज रूप में चल रही है।
कैट की तैयारी कराने वाले संस्थान कैरियर लॉचंर के उपाध्यक्ष गौतम पुरी ने कहा था, "अभी तक हमारे पास परीक्षा में गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली है। शनिवार और रविवार को कंप्यूटर प्रणाली में गड़बड़ी और खराब प्रबंधन के कारण परीक्षा बाधित हुई थी।"
रविवार को देशभर में 13 शहरों के 24 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई थी। कई केंद्रों पर तकनीकी गड़बड़ी और कार्यक्रमों में फेरबदल की जानकारी नहीं होने की वजह से छात्रों को बिना परीक्षा दिए लौटना पड़ा था।
शनिवार को भी कंप्यूटर प्रणाली में गड़बड़ी और छात्रों को परीक्षा के कार्यक्रमों में फेरबदल की जानकारी के अभाव के कारण परीक्षा प्रभावित हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications