नेपाल में माओवादी मंगलवार से फिर शुरू करेंगे आंदोलन
माओवादी सांसद और पार्टी के पूर्व उप प्रमुख, नारायण काजी श्रेष्ठ प्रकाश ने आईएएनएस को बताया, "हमारे सहयोगी संगठन मंगलवार से सरकार के खिलाफ राष्ट्रव्यापी आंदोलन का नेतृत्व करेंगे।"
मंगलवार को सबसे पहले आंदोलन का नेतृत्व छात्रों के समूह द्वारा किया जाएगा, उसके बाद महिलाओं द्वारा, उसके बाद 10 वर्षो के जन युद्ध के दौरान अपंग हुए माओवादी कार्यकर्ताओं और गृह युद्ध के दौरान मारे गए लोगों के रिश्तेदारों द्वारा आंदोलन का नेतृत्व किया जाएगा।
आगामी 10 दिसंबर तक सड़कों पर विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे। उसके बाद पूर्व विद्रोहियों ने नेपाल को एक संघीय गणराज्य में परिवर्तित करने के लिए 13 स्वायत्तशासी राज्यों के गठन की घोषणा करने का संकल्प लिया है।
इसके पहले आयोजित एक आंदोलन के दौरान भी माओवादियों ने घोषणा की थी कि वे नए राज्यों के गठन के लिए आगे बढ़ेंगे, लेकिन सत्ताधारी पार्टी के यह कहने के बाद कि इस तरह का कदम नया संविधान तैयार करने के लिए जारी राष्ट्रीय कोशिशों के खिलाफ होगा, माओवादियों ने अपना कदम पीछे खींच लिया था।
तीन वर्ष पहले प्रमुख पार्टियों और माओवादियों के बीच जिस शांति समझौते पर हस्ताक्षर किया गया था, उसके अनुसार प्रमुख पार्टियों की सहमति के आधार पर नेपाल को नए राज्यों में परिवर्तित करने की जिम्मेदारी मई 2010 में तैयार होने वाले नए संविधान की है।
सत्ताधारी नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी-एकीकृत मार्क्सवादी लेनिनवादी ने सोमवार को पूर्व माओवादियों को एक बार फिर चेतावनी दी कि एक तरफा राज्य सरकारों के गठन का कोई भी कदम शांति समझौते का उल्लंघन होगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications